Ghaziabad

भक्ति और उल्लास से सराबोर हुआ ‘मंगलमय परिवार’ का फूलों की होली महोत्सव

गाजियाबाद: मर्यादा, संस्कृति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाली संस्था मंगलमय परिवार द्वारा आयोजित भव्य ‘फूलों की होली’ महोत्सव ने नेहरू नगर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में भक्ति, संगीत और आनंद का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर ब्रज की परंपरागत पुष्प-होली का दिव्य अनुभव किया।

महोत्सव का शुभारंभ भारतीय परंपरा के अनुसार हुआ। आगंतुकों का स्वागत ढोल की गूंजती थाप के बीच किया गया तथा वरिष्ठ सदस्यों ने चंदन तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम की शुरुआत ज्योति सेवा के बालकों द्वारा प्रस्तुत हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध वंशी वादक अनुराग जी का मनमोहक वादन विशेष आकर्षण रहा। उनकी वंशी और सैक्सोफोन की मधुर धुनों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीत निर्देशक संकल्प श्रीवास्तव ने अपने भजनों की प्रस्तुति से कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। वहीं रजत मित्तल ने ब्रज की पारंपरिक रसिया और लोकधुनों से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण वह रहा जब लगभग एक घंटे तक श्रद्धालु संगीत की धुनों पर नृत्य करते हुए आनंद में डूबे रहे। ऊपर से हो रही पुष्प वर्षा, वातावरण में फैली सुगंध और भक्ति संगीत की लहरियों ने ऐसा समां बांधा कि वृद्ध, युवा और बच्चे सभी उल्लास में झूमते नजर आए। उपस्थित लोगों को ऐसा प्रतीत हुआ मानो ब्रजधाम की होली गाजियाबाद की धरती पर साकार हो उठी हो।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि मंगलमय परिवार लगातार धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। हाल ही में संस्था द्वारा कविनगर स्थित रामलीला मैदान में पूज्य संत विजय कौशल जी महाराज के सानिध्य में आयोजित श्रीराम कथा और महायज्ञ को भी व्यापक सराहना मिली थी।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने स्वादिष्ट चाट और सात्विक भोजन का आनंद लिया। परस्पर मिलन, शुभकामनाओं और आत्मीय संवाद के साथ यह भव्य ‘फूलों की होली’ महोत्सव संपन्न हुआ।

LP News

Local Post News Network

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button