प्रधानमंत्री मोदी ने मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल को दिखाई हरी झंडी, दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित

मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार दोपहर उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो यात्रा भी की तथा विद्यार्थियों और यात्रियों से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करते हुए देश की पहली क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट प्रणाली (RRTS) के शेष खंडों का भी उद्घाटन किया।


नमो भारत ट्रेन 180 किलोमीटर प्रति घंटे की डिज़ाइन गति के साथ देश की पहली क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट प्रणाली है, जो दिल्ली को साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरों से तेज़ गति से जोड़ती है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवा का भी शुभारंभ किया, जो नमो भारत के साथ साझा इंफ्रास्ट्रक्चर पर संचालित होने वाली देश की पहली व्यवस्था है। लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति वाली मेरठ मेट्रो पूरे मार्ग को करीब 30 मिनट में तय करेगी।


प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर मेरठ में लगभग 12,930 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज शुरू की गई परियोजनाएं विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत को नई गति देंगी तथा यह कार्यक्रम “डबल इंजन सरकार” की कार्यसंस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री ने मेरठ से अपने विशेष जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव अभियानों की शुरुआत उन्होंने इसी क्रांति भूमि से की थी। उन्होंने क्षेत्र के किसानों, कारीगरों और उद्यमियों को उनके निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से पहले देश के केवल पांच शहरों में मेट्रो सेवाएं थीं, जबकि अब 25 से अधिक शहरों में मेट्रो नेटवर्क संचालित हो रहा है और भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन चुका है।


उत्तर प्रदेश को श्रम और सृजन की भूमि बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य के किसान और कारीगर “विरासत और विकास” के मंत्र को साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत की युवा शक्ति का लाभ उठाने के लिए व्यापार समझौते करना चाहती है और भारत 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान देने में सक्षम शक्ति के रूप में उभर रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित किया जा रहा है और हाल ही में राज्य की पहली सेमीकंडक्टर फैक्ट्री की आधारशिला रखी गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश ही विकसित भारत की नींव है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज शुरू हुई परियोजनाओं से प्रदेश की जनता को व्यापक लाभ मिलेगा और दिल्ली से मेरठ की दूरी अब लगभग 55 मिनट में तय हो सकेगी, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।


