ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच एमसीसी सिग्नेचर हाइट्स में सम्पन्न हुआ गणपति विसर्जन उत्सव

गाज़ियाबाद। एमसीसी सिग्नेचर हाइट्स सोसायटी में मंगलवार को गणपति विसर्जन का आयोजन बड़े ही धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ। गणपति बप्पा की विदाई के इस अवसर पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी निवासियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और भजन-कीर्तन से हुई, जिसमें महिलाओं और बच्चों ने विशेष प्रस्तुति दी। आकर्षक झांकियों और रंग-बिरंगी रंगोली ने माहौल को और भी मनमोहक बना दिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और उत्साहपूर्ण नृत्य के बीच गणपति बप्पा को विदाई दी गई।
इस मौके पर महिलाओं ने गणपति बप्पा के कानों में अपनी-अपनी मनोकामनाएँ साझा कीं और सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना की।
पूर्व महासचिव मोनू कुमार त्यागी ने कहा, “हमारी सोसायटी में हर त्यौहार बड़े ही उत्साह और सौहार्द के साथ मनाया जाता है। यहाँ हर वर्ग और आयु के लोग सक्रिय भागीदारी करते हैं, जिससे आपसी भाईचारा और एकता और भी मजबूत होती है।”
गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ सम्पन्न हुए इस विसर्जन ने एक बार फिर साबित किया कि त्योहार सिर्फ धार्मिक आस्था ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक एकता और सामूहिक भागीदारी का भी प्रतीक होते हैं।



