Ghaziabad

गृहकर वृद्धि वापस नहीं हुई तो जनप्रतिनिधियों का होगा आखिरी कार्यकालः कर्नल टी.पी. त्यागी

गाजियाबाद, 27 फरवरी 2026। गृहकर वृद्धि के मुद्दे पर शहर में विरोध तेज होता जा रहा है। नवयुग मार्केट स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में कन्फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए उत्तर प्रदेश (कोरवा-यूपी) द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन ने नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। संगठन के मुख्य संरक्षक कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी (टी.पी. त्यागी) ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अप्रत्याशित गृहकर वृद्धि को वापस नहीं लिया गया तो वर्तमान जनप्रतिनिधियों को इसे अपना “आखिरी कार्यकाल” समझ लेना चाहिए।

कर्नल त्यागी ने कहा कि गाजियाबाद के सभासद, विधायक, सांसद, मेयर और मंत्री , जिन्हें जनता ने भरपूर समर्थन दिया उन्हें अब जनता की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय में याचिका खारिज होने के बाद संगठन अब सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रहा है और शीघ्र ही जनहित याचिका (पीआईएल) दायर की जाएगी।

लाइन पार आरडब्ल्यूए फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. आर. के. आर्या ने कहा कि नगर आयुक्त के स्थानांतरण के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन जनता के प्रति असंवेदनशील रवैया अपना रहा है।

कोरवा-यूपी के संगठन महासचिव जय दीक्षित ने कहा कि शहर के सभासदों से अनुरोध किया जाएगा कि वे गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल के खिलाफ सदन में अविश्वास प्रस्ताव लाएं। वहीं महासचिव (प्रशासनिक) कैलाश चंद शर्मा ने बताया कि पूरे शहर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर नागरिकों को गृहकर वृद्धि के प्रभाव के बारे में जागरूक किया जाएगा।

संगठन के अध्यक्ष डॉ. पवन कौशिक ने कहा कि नगर निगम का मुख्य दायित्व कूड़ा निस्तारण और शुद्ध जल आपूर्ति सुनिश्चित करना है, न कि अनावश्यक निर्माण कार्यों के लिए जनता पर कर भार बढ़ाना।

प्रेस वार्ता में विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों – सुभाष शर्मा, सरदार गुरमेल सिंह सिद्धू, चंद्रशेखर, एम.एल. वर्मा, राजकुमार त्यागी सहित अन्य , ने एक स्वर में कहा कि जब तक गृहकर वृद्धि के आदेश वापस नहीं लिए जाते, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

महिला पदाधिकारियों एडवोकेट अंशु त्यागी, डॉ. मधु सिंह, मंजू शर्मा, मंजू घई, सोनाली और मोनिका गोयल ने कहा कि बढ़े हुए गृहकर का सीधा असर आम परिवार की रसोई पर पड़ता है, इसलिए महिलाएं भी आंदोलन में सक्रिय भागीदारी करेंगी।

संगठन ने दोहराया कि गृहकर वृद्धि के खिलाफ कानूनी और लोकतांत्रिक दोनों स्तरों पर संघर्ष जारी रहेगा।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button