गाजियाबाद में नहीं बढ़ेगा हाउस टैक्स, फिलहाल पुरानी दरों पर ही होगी वसूली
गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम क्षेत्र के निवासियों को हाउस टैक्स बढ़ोतरी के मुद्दे पर बड़ी राहत मिली है। महापौर सुनीता दयाल द्वारा लखनऊ में उच्च अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया है कि फिलहाल नगर निगम हाउस टैक्स की वसूली पुरानी दरों पर ही करेगा।
महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि हाउस टैक्स बढ़ोतरी को लेकर शहर में लगातार चर्चा और असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। इस विषय को लेकर वह लखनऊ पहुंचीं और उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर गाजियाबाद में चल रहे सभी प्रकरणों पर गहन चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि फिलहाल हाउस टैक्स में वृद्धि नहीं की जाएगी और नगर निगम द्वारा पुरानी दरों पर ही कर वसूला जाएगा। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से संबंधित प्रक्रिया और औपचारिकताएं जल्द ही पूरी कर ली जाएंगी।
महापौर ने कहा कि वह हमेशा से जनहित के लिए संघर्ष करती रही हैं और आगे भी नागरिकों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेती रहेंगी। उन्होंने गाजियाबाद की जनता को हाउस टैक्स से राहत मिलने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, राज्य सरकार और शासन का आभार व्यक्त किया।
इस फैसले के बाद शहर के निवासियों में संतोष का माहौल देखा जा रहा है। राजनगर एक्सटेंशन के सामाजिक कार्यकर्ता दीपांशु मित्तल ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम प्रशासन द्वारा अत्यधिक हाउस टैक्स बढ़ाने के निर्णय को लखनऊ के हस्तक्षेप से वापस लिया जाना शहर के लाखों परिवारों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों से कई जागरूक नागरिक इस मुद्दे को उठाते रहे और उनके प्रयासों को जनता हमेशा याद रखेगी।
नगर निगम के इस निर्णय से शहर के लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं नागरिक संगठनों ने भी इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है।



