खोड़ा कॉलोनी की घटना के बाद ब्रेव हार्ट्स सोसायटी में फायर सुरक्षा उपकरणों की जांच

गाजियाबाद। खोड़ा कॉलोनी के संगम विहार/बीरबल नगर क्षेत्र में 3–4 मार्च की रात एक रिहायशी इमारत में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग और उसमें एक दंपत्ति की दर्दनाक मौत की घटना के बाद ब्रेव हार्ट्स सोसायटी की एओए (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) प्रबंध समिति सतर्क हो गई है। सोसायटी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मेंटेनेंस विभाग के साथ मिलकर फायर सुरक्षा उपकरणों की व्यापक जांच कराई गई।
प्रबंध समिति की ओर से सोसायटी परिसर में लगे फायर एक्सटिंग्विशर, फायर हाइड्रेंट सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति का निरीक्षण किया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
सोसायटी अध्यक्ष लवीश त्यागी ने बताया कि निवासियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई दुखद घटना से सबक लेते हुए सोसायटी प्रबंधन ने फायर सेफ्टी व्यवस्था की समीक्षा शुरू की है। इसके तहत सभी उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच की जा रही है और जहां आवश्यक होगा, वहां सुधारात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले गर्मी के मौसम को देखते हुए सोसायटी में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सके।
सोसायटी प्रबंधन ने निवासियों से भी अपील की है कि वे बिजली के उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की तुरंत सूचना प्रबंधन समिति को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।



