खेत में घायल मिली बालिका की इलाज के दौरान मौत, पड़ोसी युवक हिरासत में
गाजियाबाद (नन्दग्राम), मंगलवार। थाना नन्दग्राम क्षेत्र में सोमवार रात एक बालिका खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात सूचना मिली कि एक खेत में एक बालिका घायल अवस्था में पड़ी है। स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी अस्पताल पहुँची, जहां उपचार के दौरान बालिका ने दम तोड़ दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और डॉग स्क्वॉड की टीमों को भी लगाया गया है।
प्रारंभिक जांच में परिजनों ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला गौरव प्रजापति (24 वर्ष) शाम के समय बालिका को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। आरोपी पहले से परिवार के संपर्क में था।
पुलिस ने सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस का बयान:
नगर पुलिस उपायुक्त श्री धवल जायसवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।



