आतंक से निपटने को पुलिस ने तैयार किया कमांडो दस्ता

- तीनों जोन से चुने गए मजबूत कद-काठी के 17-17 जवान
- पहली बार परेड में शामिल होगा दस्ता महिला पुलिसकर्मी भी रहेंगी शामिल
गाजियाबाद : आतंकी घटनाओं समेत अन्य तरह के गंभीर मामलों से निपटने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने कमांडो दस्ता तैयार किया है। सिटी, ट्रांस हिंडन और ग्रामीण जोन के 17-17 मजबूत कद-काठी के जवानों से तैयार किए गए कमांडो दस्ते की कमान इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है। जबकि कमांडो दस्ते में आधा दर्जन से अधिक महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है।

कमांडो दस्ते को विशेष ट्रेनिंग देकर ट्रेड किया जा रहा है। एडिशनल सीपी ने बताया कि कमांडो दस्ते में शामिल जवानों को अर्द्ध सैनिक बलों जैसी वर्दी दी गई है। इस दस्ते को गणतंत्र दिवस की परेड में भी शामिल किया गया है जो पुलिस लाइन में फुल ड्रेस रिहर्सल में भी देखने को मिली । परेड के बाद कमांडो दस्ता कमिश्नरेट की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था में लगाया जाएगा।

कमांडो दस्ता न सिर्फ कमिश्नरेट के चिन्हित संवेदनशील इलाकों में भ्रमणशील रहेगा, बल्कि नाकाबंदी कर विशेष चेकिंग अभियान में भी दस्ते की मदद ली जाएगी।

एडिशनल सीपी (कानून व्यवस्था) आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि दिल्ली. एनसीआर क्षेत्र में बढ़ती आतंकी सूचनाओं और अन्य तरह के राष्ट्र विरोधी इनपुट से निपटने के लिए पुलिस ने अपने स्तर से कमांडो दस्ता तैयार किया है। कमांडो दस्ते में कुल 51 जवान शामिल किए गए हैं। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। सभी जवानों का सिलेक्शन कमिश्नरेट के तीनों जोन की पुलिस से किया गया है। प्रत्येक जोन से 17-17 जवान सिलेक्ट किए गए हैं, जिनके नेतृत्व की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर रविराज को सौंपी गई है।

