अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद में ‘शिशु देखभाल कक्ष’ का उद्घाटन

गाजियाबाद। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला आवेदकों और महिला कार्मिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यालय परिसर में “शिशु देखभाल कक्ष” (बेबी केयर रूम) का उद्घाटन किया गया।
इस कक्ष का उद्घाटन आयकर विभाग, गाजियाबाद की मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. रेनूका जैन गुप्ता (भारतीय राजस्व सेवा) के कर-कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने कार्यालय की महिला कार्मिकों को उनके उत्कृष्ट कार्य और योगदान के लिए सम्मानित किया तथा उन्हें भविष्य में भी समर्पण और लगन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महिला कर्मचारियों ने भी अपने कार्य अनुभव साझा करते हुए बताया कि कार्यालय में उन्हें सहयोगात्मक और सकारात्मक कार्य वातावरण प्राप्त होता है, जिससे वे अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर पा रही हैं।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप (भारतीय विदेश सेवा) ने बताया कि विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद महिला कार्मिकों के लिए संवेदनशील और अनुकूल कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि “शिशु देखभाल कक्ष” की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे महिला कर्मचारियों और आवेदकों को सुविधा मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में कार्यालय के कुल कर्मचारियों में महिला कार्मिकों की भागीदारी 20 प्रतिशत से अधिक हो गई है, जो पहले की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि है और कार्यालय के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने महिला सशक्तिकरण और कार्यस्थल पर समान अवसरों के महत्व पर भी अपने विचार साझा किए। यह पहल कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए बेहतर और संवेदनशील माहौल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



