मेरठ में एक करोड़ की ज्वैलरी ठगी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

मेरठ। थाना सदर बाजार पुलिस ने ज्वैलरी दुकान से करीब एक करोड़ रुपये के आभूषण की ठगी के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 80 लाख रुपये के आभूषण, 89,500 रुपये नकद, 14 मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 3 मार्च 2026 को साकेत निवासी तन्मय अग्रवाल ने थाना सदर बाजार में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कृष्णा नामक व्यक्ति और उसके साथियों ने षड्यंत्र रचकर उनके ग्राहक प्रवीण (निवासी शांति निकेतन कॉलोनी, रुड़की रोड) के माध्यम से रघुनंदन ज्वैलर्स से करीब 99.85 लाख रुपये के आभूषण और 15 हजार रुपये नकद ठगी से ले लिए। इस मामले में थाना सदर बाजार में मुकदमा संख्या 49/2026 धारा 318(4) व 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (सिटी) और क्षेत्राधिकारी कैंट के निर्देशन में सदर बाजार पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए क्षेत्र में लगे 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर 7 मार्च को कैंट स्टेशन के पास कंकरखेड़ा फ्लाईओवर के खंडहर क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा वीर सिंह निवासी गालंद थाना पिलखुवा जिला हापुड़, निशांत तोमर उर्फ राजा निवासी गालंद थाना पिलखुवा हापुड़, सचिन कुमार निवासी कुसावली निहाल थाना सरधना मेरठ और पंकज भारद्वाज निवासी हिसार हरियाणा के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सचिन दत्त शर्मा, कृष्णा तिवारी और राजवीर के साथ मिलकर इस ठगी की साजिश रची थी। योजना के तहत कृष्णा तिवारी ने पीड़ित को एक करोड़ रुपये आरटीजीएस करने का झांसा दिया और अपने साथियों को ज्वैलरी पसंद करने भेज दिया। इसी दौरान धोखाधड़ी कर आरोपी आभूषण लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ सोने की चेन, चार कड़े, एक अंगूठी, 89,500 रुपये नकद, 10 एंड्रॉयड मोबाइल, चार कीपैड मोबाइल और एक हुंडई ईऑन कार (UP37K8751) बरामद की है।
इस मामले में तीन अन्य आरोपी मुकुल उर्फ सुच्चा, सचिन शर्मा और कृष्णा अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


