बकरा ईद पर सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए ईदगाह पहुंचे अधिकारी, ड्रोन उड़ा कर किया निरीक्षण

मेरठ : रविवार को ईद-उल-अजहा के मौके पर शाही ईदगाह में अदा की जाने वाली नमाज की तैयारियों को लेकर शनिवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ईदगाह का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ईदगाह के मुतवल्ली और अन्य गणमान्यों से बातचीत करते हुए नमाज की तैयारियों को लेकर चर्चा की। ईदगाह के आसपास के इलाके में ड्रोन उड़ा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जिला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम शनिवार की सुबह रेलवे रोड स्थित शाही ईदगाह में पहुंची। अधिकारियों ने ईदगाह के मुतवल्ली सैयद सलमान और मुस्लिम समाज के अन्य गणमान्य नागरिकों से बातचीत करते हुए ईदगाह में चल रही नमाज की तैयारियों को लेकर जानकारी जुटाई। इस दौरान मुस्लिम समाज के गणमान्य लोगों ने अधिकारियों से नमाज के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त किए जाने सहित कुर्बानी के अवशेषों को ठिकाने लगाने के लिए नगर निगम द्वारा जगह-जगह डस्टबिन रखवाए जाने की मांग की। इसी के साथ बिजली और पानी की व्यवस्था दुरुस्त कराए जाने की मांग उठाई। ईदगाह के मुतवल्ली ने बताया कि अधिकारियों ने उन्हें नमाज के दौरान हल्की आवाज में ईदगाह के अंदर लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति दे दी है।अधिकारियों ने सुरक्षा की दृष्टि से ईदगाह से ड्रोन उड़ा कर आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। साथ ही उन स्थानों को चिन्हित किया, जहां पर फोर्स को तैनात किया जाना है।