मेरठ : जन सूचना केंद्र संचालक की गोली मारकर हत्या, जंगल में मिला शव

Image Courtesy – Munish Kumar
मेरठ : सोमवार देर रात भावनपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने जन सूचना केंद्र संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय युवक परिवारवालों के लिए खाना लेकर अपने गांव जा रहा था। मंगलवार की सुबह युवक का शव बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक छिलौरा गांव का रहने वाला दीन मौहम्मद नौचंदी थाना क्षेत्र के करीमनगर में जन सूचना केंद्र का संचालन करता था। हालिया वह करीमनगर में ही किराए के मकान रह रहा था। बताया जाता है सोमवार की रात दीन मौहम्मद अपने परिवार के लोगों के लिए खाना लेकर अपने गांव वापस लौट रहा था। इसी दौरान भावनपुर थाना क्षेत्र के सियाल पुल पर अज्ञात हमलावरों ने दीन मौहम्मद की गोली मारकर हत्या कर दी। मंगलवार की सुबह दीन मौहम्मद का खून से लथपथ शव जंगल में बरामद हुआ तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
मामले की जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची सीओ पूनम सिरोही और थाना पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। युवक को दो गोली मारी गई थीं। पुलिस को मौके एक खाली कारतूस भी बरामद हुआ। उधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचे परिजनों से पूछताछ की। फिलहाल मृतक के परिजनों ने किसी रंजिश से इनकार किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।