मेरठ : टोल प्लाजा पर कार सवार युवकों का हंगामा, कर्मचारियों से की मारपीट,2 घायल

मेरठ : दौराला थाना क्षेत्र स्थित सिवाया टोल प्लाजा पर सोमवार की सुबह टोल मांगने पर इंडीवर कार सवार युवकों की टोल कर्मचारियों से बहस हो गई। उस समय युवक टोल देकर वहां से चले गये। आरोप है कि थोङी देर बाद युवक वापस लौटे और लाठी-डंडो से टोलकर्मियों पर हमला करते हुए उनकी जमकर पिटाई की। दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गये। उसके बाद टोल कर्मचारियों ने एक युवक को दबोच लिया और उसकी पिटाई कर मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह सारी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई।
दिल्ली- देहरादून एनएच-58 पर स्थित सिवाया टोल प्लाजा के कर्मचारी अमित मलिक के मुताबिक सुबह लगभग 4:30 बजे इंडीवर कार में सवार करीब आधा दर्जन युवक मेरठ से मुजफफरनगर की ओर जा रहे थे। उनसे टोल मांगा गया तो वे बहस करने लगे। उस समय तो युवक टोल देकर चुपचाप निकल गए। लेकिन कुछ देर बाद ही युवक दोबारा टोल प्लाजा पर वापस लौटे और गाड़ी से लाठी-डंडे निकालकर टोल कर्मचारियों पर हमला कर दिया। उन्होने टोल कर्मचारियों की जमकर पिटाई की। उन्होने वहां खङी टोल एंबुलेंस में भी तोङफोङ की। इस हमले में दो कर्मचारी अमित और टोल एंबुलेंस का ड्राईवर सुंदर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद युवक गाड़ी में बैठकर मुजफ्फरनगर की तरफ भागने लगे। मगर टोल कर्मचारियों ने हिम्मत दिखाते हुए एक आरोपी को दबोचा लिया। गुस्साए टोल कर्मचारियों ने युवक की जमकर पिटाई की। इसी दौरान सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। कर्मचारियों ने पकङे गये युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। इस हादसे में घायल हुए दोनों टोल कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पकङे गये युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।बताया गया कि पूछताछ के दौरान आरोपी युवक ने बताया कि वह सब मोदीनगर के रहने वाले हैं। पुलिस उसके अन्य सभी साथियों की तलाश में जुटी है।