मेरठ : ड्रग माफिया तस्लीम के खिलाफ दूसरे दिन भी जारी रहा पुलिस का अभियान, बीवी की संपत्ति कुर्क

मेरठ : कुख्यातों और भू माफियाओं पर लगाम कस रही जिले की पुलिस ने कुख्यात ड्रग माफिया तस्लीम के खिलाफ चल रही कार्यवाही को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। ब्रहस्पतिवार को पुलिस ने रेलवे रोड क्षेत्र में तस्लीम की बीवी के नाम पर खरीदे गए एक मकान को जब्त किया। इस दौरान पुलिस ने मकान के बाहर ढोल से मुनादी कराते हुए क्षेत्रवासियों को इस संपत्ति की खरीद-फरोख्त ना करने की चेतावनी दी।

बुधवार को पुलिस ने लिसाड़ी गेट क्षेत्र में ड्रग्स के अवैध कारोबार में लिप्त कुख्यात तस्लीम के 500 गज में बनाए गए मकान को कुर्क किया था। इस मकान की कीमत लगभग डेढ करोड़ रुपए बताई गई थी। ब्रहस्पतिवार को भी पुलिस का तस्लीम के खिलाफ अभियान जारी रहा। एएसपी कैंट चंद्रकांत मीणा कई थानों की फोर्स को लेकर मछेरान पहुंचे। वहां उन्होंने तस्लीम की बीवी नसीम बानो उर्फ हज्जन के नाम पर खरीदे गए एक मकान की कुर्की की कार्रवई की। इसके अलावा दो स्कूटी भी जब्त की गई। इस दौरान पुलिस ने मकान के बाहर ढोल से मुनादी कराते हुए क्षेत्रवासियों को इस संपत्ति की खरीद-फरोख्त ना करने की चेतावनी दी। इसी के साथ मकान को सरकारी संपत्ति घोषित करते हुए उस पर नोटिस चस्पा कर दिया गया।
एसपी कैंट ने बताया कि आज सील किए गए मकान की कीमत लगभग 50 लाख रुपए और दोनो स्कूटी की कीमत एक लाख रूपये है। उन्होंने बताया कि तस्लीम की अन्य ऐसी संपत्तियों को भी चिन्हित किया जा रहा है, जो उसने अपने रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी हैं। कुख्यात ड्रग माफिया तस्लीम पर लगभग 50 मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर तस्लीम फिलहाल जेल में है। मगर उसकी पत्नी नसीम बानो और बेटा फरार हैं।