
मेरठ : सदर बाजार थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह मोबाइल लूट कर भाग रहे बदमाश का पीछा कर रहे दो सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गये। घायल होने के बावजूद सिपाही ने बदमाश को दबोच लिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो घायल सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया है। जिसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सदर बाजार निवासी रविकांत सोनकर शनिवार की सुबह करीब 9 बजे हनुमान मंदिर चौक् पर गये थे। उसी समय बाइक सवार एक बदमाश ने उनसे उनका एप्पल का मोबाइल लूट लिया। घटना के समय कुछ ही दूरी पर मौजूद सदर बाजार थाने के सिपाही रूपेश और विवेक ने जैसे ही शोर सुना, वे घटनास्थल पर पहुंचे। लूट की वारदात का पता चलते उन्होने बदमाश की बाइक के पीछे अपनी बाइक दौड़ा दी। काफी दूर तक पीछा किया गया। रेलवे रोड थाना क्षेत्र में उन्होंने बदमाश को पकड़ने की कोशिश के दौरान उनकी बाइक बदमाश की बाइक से टकराकर स्लिप हो गई। जिसके कारण दोनों सिपाही काफी दूर तक घिसटते चले गए। जिससे दोनो सिपाही घायल हो गये। रुपेश के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आई। घायल होने के बावजूद उन्होंने बदमाश को दबोच लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाश को थाने भिजवाते हुए घायल दोनों सिपाहियों को अस्पताल में भर्ती कराया। एसओ ने बताया कि पकङे गये बदमाश ने सदर थाना बाजार के अलावा आज ही दो अन्य थाना क्षेत्र से भी मोबाइल लूटे थे। उसके पास से लूटे हुए मोबाइल बरामद कर लिए गये हैं। उन्होने बताया कि रूपेश गंभीर की हालत गंभीर है। उसका उपचार जारी है। बताया गया कि पकङा गया बदमाश समर गार्डन निवासी अनस है। उससे पुलिस अभी पूछताछ कर रही है।