मेरठ : बीजेपी विधायक ने बुलडोजर पर साइकिल टांगकर निकाला ‘विजय जुलूस’

मेरठ : हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक चुने गए दिनेश खटीक ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को पूरे जोश-खरोश के साथ अपना विजय जुलूस निकाला। इस विजय जुलूस में बुलडोजर पर लटकी हुई साइकिल सभी के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। बीजेपी के कार्यकर्ता बुलडोजर के आगे नाच रहे थे। वहीं, विधायक दिनेश खटीक का कहना है कि किसी शरारती त्तत्व ने बुलडोजर पर साइकिल लटका दी थी। मामला संज्ञान में आने पर मैने साइकिल को तुरंत उतरवा दिया था। मतादाताओं के प्रति आभार प्रकट करने के लिए जूलूस निकाल गया था।

प्रदेश सरकार में मंत्री रहे दिनेश खटीक ने इस बार दूसरी बार लगातार हस्तिनापुर विधानसभा सीट से भाजपा का परचम लहराया है। क्षेत्रीय जनता का आभार प्रकट करने के लिए विधायक दिनेश खटीक ने शनिवार को क्षेत्र में विजय जुलूस निकाला। जुलूस में सैकड़ों वाहनों के साथ हजारों भाजपाई भी मौजूद रहे। मगर पूरे जुलूस में जुलूस की अगुवाई कर रहा बुलडोजर सभी के आकर्षण का केंद्र बना रहा। दरअसल, इस बुलडोजर पर एक साइकिल टंगी हुई थी, जो प्रदेश में सपा की करारी शिकस्त जाहिर करने के लिए काफी थी। बुलडोजर के आगे भाजपा कार्यकर्ता मस्त होकर नाच रहे थे। पूरे कस्बे में भी बुलडोजर पर टंगी साइकिल चर्चा का विषय बनी रही।