भाजपा की स्टार प्रचारक बबीता फोगाट के काफिले पर मेरठ में हमला, कई लोग घायल

भाजपाइयों ने सपा-रालोद गबंधन कार्यकर्ताओं पर बबीता फोगाट के जनसंपर्क के दौरान कार्यकर्ता से मारपीट का लगाया आरोप, चार घायल
बीजेपी की स्टार प्रचारक और गोल्डन गर्ल बबीता फोगट शनिवार को भाजपा के सिवालखास प्रत्याशी के लिए घर-घर प्रचार करने पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान सपा- रालोद के कार्यकर्ता हाथ में झंडे लेकर विरोध करने लगे। विरोध के साथ उन्होने गाली- गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। भाजपा के किसान मोर्चा के मंडल अघ्यक्ष सहित चार लोग मामूली घायल हो गये। एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सिवालखास विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मनिंदरपाल सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। शनिवार को दबथुवा में जनसंपर्क के लिए इंटरनेशनल रेस्लर और बीजेपी की स्टार प्रचारक बबीता फोगाट व प्रत्याशी की पत्नी सिंपल सिंह पहुंची थी। भाजपा नेताओ ने बताया जन संपर्क के दौरान बबीता फोगाट भाजपा के कार्यकर्ताओ के साथ भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सतेंद्र के घर पहुंची। आरोप है कि तभी सपा-रालोद गठबंधन के कार्यकर्ता हाथ में झंडे लेकर वहां पहुंच गए और जबरन घर में घुसकर विरोध करने लगे। इसके बाद उनसे जाने को कहा तो आरोपितों ने गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। जिसमें सतेंद्र समेत चार लोग घायल हो गये। बबीता फोगाट का कहना है कि आरोपितों ने मेरी गाङी पर भी डंडे मारे हैं। मेरा ड्राइवर बच गया है।
एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि बबीता फोगाट जनसंपर्क अभियान के दौरान सतेन्द के घर पहुंची थी। वहां कुछ गठबंधन के कार्याकर्ता पहुंच गये। सतेन्द्र की गठबंधन के एक कार्यकर्ता से हाथपाई हुई है। जिसमें सतेन्द्र के चेहरे पर चोट आई है। एसपी देहात ने बताया कि चुनाव प्रचार बिना अनुमति के किया जा रहा था। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सिवाल विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी प्रत्याशी का भी दो बार हो चुका है विरोध :
सिवालखास विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी मनिंदर पाल मेरठ-बागपत को-ऑपरेटिव बैंक के चेयर मेन भी हैं। क्षेत्र में प्रचार के दौरान एक सप्ताह के अंदर दो बार उन्हे गठबंधन के कार्यकर्ताओ के विरोध का सामना करना पङा है। एक बार सिवालखास विधानसभा के गांव में मनिंदर पाल के काफिले में शामिल 5 गाड़ियों को आरएलडी समर्थकों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। मनिंदर पाल पूर्व में बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी में भी रह चुके हैं। वह बसपा में रहते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष बने थे। बाद में 2012 में सपा की सरकार बनी, तो बसपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। 2017 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो मनिंदर पाल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।