विश्व हिंदी दिवस–2026 पर गाजियाबाद को राष्ट्रीय सम्मान

गाजियाबाद/नई दिल्ली।
विश्व हिंदी दिवस–2026 के विशेष अवसर पर विदेश मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद की राजभाषा पत्रिका “मुकुल” को उत्कृष्ट हिंदी गृह पत्रिका का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि कार्यालय में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निरंतर, समर्पित और सामूहिक प्रयासों का सशक्त प्रमाण मानी जा रही है।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 09 जनवरी 2026 को जवाहरलाल नेहरू भवन, नई दिल्ली में आयोजित गरिमामयी समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तवर्धन सिंह ने की। इस अवसर पर महामहिम अलेम त्सेहाय वोल्डेमारियम, राजदूत (इरीट्रिया), डॉ. नीना मल्होत्रा, सचिव (दक्षिण), तथा अंजु रंजन, संयुक्त सचिव (आर.बी.बी.), विदेश मंत्रालय की विशिष्ट उपस्थिति रही। समारोह में मंत्रालय के सचिव, संयुक्त सचिव स्तर के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न देशों के राजदूत एवं अन्य गणमान्य प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
पुरस्कार अनुज स्वरुप, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, गाजियाबाद को प्रदान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कार्यालय राजभाषा हिंदी के प्रगामी और प्रभावी प्रयोग के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। विदेश मंत्रालय और राजभाषा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यालय में राजभाषा नीतियों का सतत और सुदृढ़ अनुपालन किया जा रहा है, जिसमें राजभाषा पत्रिका का प्रकाशन एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने बताया कि हिंदी के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए कार्यालय में समय-समय पर कार्यशालाएँ, पुस्तक मेले, हिंदी पोस्टर एवं कैलीग्राफी प्रदर्शनियों का आयोजन भी किया जाता है। पत्रिका “मुकुल” को और अधिक समृद्ध बनाने के उद्देश्य से इस वर्ष कई नवाचार किए गए, जिनमें माननीया राज्यपाल, उत्तर प्रदेश; माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश; तथा माननीय विदेश राज्य मंत्री, भारत सरकार का प्रेरणादायक मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
पत्रिका की साहित्यिक गरिमा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में हिंदी साहित्य के सुप्रसिद्ध रचनाकार डॉ. कुमार विश्वास एवं अनामिका अंबर के प्रेरणादायक लेखों का विशेष योगदान रहा। साथ ही, पत्रिका में कार्यालय की गत वर्ष की प्रमुख उपलब्धियों और नवाचारों का प्रभावी समावेश किया गया तथा कार्मिकों की विविध विधाओं में सृजनात्मक रचनाएँ प्रकाशित की गईं, जिससे पत्रिका की गुणवत्ता और सौंदर्य में वृद्धि हुई।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने डॉ. कुमार विश्वास एवं अनामिका अंबर के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी विचारोत्तेजक रचनाओं ने “मुकुल” को विशिष्ट पहचान दिलाई। उन्होंने इस सफलता में योगदान देने वाले कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ भी दीं।



