मेरठ में शहीद स्मारक पर भाजपा द्वारा भव्य सामूहिक गायन, जनसैलाब उमड़ा

मेरठ। राष्ट्रगीत वंदेमातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा शहीद स्मारक पर भव्य सामूहिक वंदेमातरम गायन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र, सेना के पूर्व अधिकारी तथा पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे और पूरे उत्साह व देशभक्ति के साथ वंदेमातरम का सामूहिक उच्चारण किया।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत, सांसद अरुण गोविल, स्थानीय विधायकगण, पार्टी पदाधिकारी एवं विभिन्न संगठन प्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे।

शहीद स्मारक की पावन भूमि पर जब हजारों आवाज़ें एक साथ “वंदे मातरम्” गूँजाने लगीं, तो पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से भर उठा।
मंत्री कपिल देव ने कहा कि वंदेमातरम सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा है, जिसने क्रांतिकारियों को संघर्ष की शक्ति दी। आज इसका 150वां वर्ष देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव की याद दिलाता है।
राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत ने कहा कि यह आयोजन राष्ट्र की एकता, अखंडता और समर्पण की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे वंदेमातरम की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और इसके महत्व को नई पीढ़ी तक पहुँचाएँ।
सांसद अरुण गोविल ने कहा कि माँ भारती की वंदना में छिपी भावनाएं हमें कर्तव्य, राष्ट्रभक्ति और त्याग की सीख देती हैं।
कार्यक्रम में शहरभर से आए सहभागी सफेद परिधान और तिरंगे के साथ उपस्थित रहे, जिससे शहीद स्मारक पूरी तरह राष्ट्रभावना के रंग में रंग गया।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा के संदेश के रूप में संरक्षित किया जाएगा।
कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।

