गुरुकुल द स्कूल में ‘बायोस्कोप: वन्स अपॉन अ टाइम’ का रंगारंग आयोजन

गाज़ियाबाद। गुरुकुल द स्कूल, गाजियाबाद में रविवार को वार्षिक प्रस्तुति ‘बायोस्कोप – वन्स अपॉन अ टाइम’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाल वाटिका से लेकर बाल वाटिका–2 तक के 135 से अधिक नन्हें विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस वर्ष का आकर्षक विषय परियों की कहानियाँ रहा, जिसने पूरे समारोह को जादुई रंगों से भर दिया। बच्चों ने ऐलिस इन वंडरलैंड, बोंडापुर की कहानी, चींटी और टिड्डे जैसी लोकप्रिय कहानियों को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत कर दिया। इसके अलावा अंडरवॉटर पार्टी और फैशन शो जैसी प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हें कलाकारों ने अपनी भाषाई दक्षता, नाट्य अभिव्यक्ति और सुंदर नृत्य के जरिए कल्पना और प्रतिभा का अद्भुत संगम पेश किया।
कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे मैक्स हेल्थकेयर के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट विजय त्यागी, ग्लोबल आईसीटी प्रोफेशनल, डेटा साइंटिस्ट और वक्ता गौरव प्रधान, और द मंथन स्कूल की अकादमिक समन्वयक मनीक्षा गौरव ने विद्यालय की इस अनूठी पहल की सराहना की। उन्होंने बच्चों के आत्मविश्वास और शिक्षकों की मेहनत की भूरि-भूरि प्रशंसा की।


विद्यालय के संस्थापक निदेशक सचिन वत्स और प्रधानाचार्य गौरव बेदी ने बच्चों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों पर गर्व जताते हुए कहा कि यह आयोजन नन्हें विद्यार्थियों की कल्पना शक्ति और प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग को दिया।
यह वार्षिक प्रस्तुति बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामूहिक प्रदर्शन क्षमता को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम साबित हुई। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने यह विश्वास जताया कि ऐसी प्रस्तुतियाँ न केवल बच्चों के लिए सीखने का माध्यम बनेंगी बल्कि समाज को भी भारतीय शिक्षा और संस्कृति की जीवंत झलक प्रदान करेंगी।



