कविनगर में श्री धार्मिक रामलीला समिति ने भूमि पूजन के साथ शुरू किया रामलीला महोत्सव 2025

गाजियाबाद। कविनगर के रामलीला मैदान में रविवार को श्री धार्मिक रामलीला समिति द्वारा विधि-विधान से भूमि पूजन कर रामलीला महोत्सव 2025 की तैयारियों का शुभारंभ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण और भगवान राम के जयकारों के बीच संपन्न इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और रामभक्त मौजूद रहे। भूमि पूजन का श्रीगणेश सांसद अतुल गर्ग ने फावड़ा चलाकर किया।
समिति के अध्यक्ष ललित जायसवाल ने कहा कि इस बार की रामलीला को और भी भव्य, आकर्षक और रोचक बनाया जाएगा। वहीं, महामंत्री भूपेंद्र चोपड़ा ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 18 सितंबर को विशाल शोभा यात्रा से होगी, जिसमें ढोल-नगाड़े, शहनाई, बैंड-बाजे और पारंपरिक-सामाजिक झांकियां शामिल होंगी। अगले दिन 19 सितंबर को माता की विशाल चौकी का आयोजन होगा। रामलीला के दौरान प्रतिदिन सम्पूर्ण रामायण का मंचन होगा।
भूमि पूजन के अवसर पर दूधेश्वर नाथ मठ के महंत नारायण गिरी, आध्यात्मिक गुरु पवन सिंहा, प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक दिनेश कुमार गोयल, विधायक संजीव शर्मा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतेंद्र शिशोदिया, पूर्व महापौर आशु वर्मा और आशा शर्मा, यशोदा अस्पताल के प्रबंध निदेशक पी.एन. अरोड़ा, समाजसेवी सुनील मिगलानी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और शहर के प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे।
समिति के सभी पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। भूमि पूजन के बाद स्वादिष्ट भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई, जिसे अतिथियों ने प्रसन्नता से ग्रहण किया और समिति की सराहना की।
रामलीला महोत्सव की तैयारियों ने भक्तों और स्थानीय लोगों में उत्साह भर दिया है। उत्तर भारत की विशिष्ट रामलीलाओं में गिनी जाने वाली कविनगर की रामलीला इस बार और भी भव्य रूप में सामने आएगी, जिसे लेकर श्रद्धालु और दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।



